नोएडा के सेक्टर-120 स्थित आरजी रेजीडेंसी में नवरात्रि के पहले दिन भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। बेगो मैत्री कल्चरल सोसाइटी ट्रस्ट के तत्वावधान में नवदुर्गा पंडाल में आनंदो मेला उत्सव एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सोसाइटी के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही मां दुर्गा के स्वागत के लिए सजे पंडाल में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने डांडिया की थाप पर अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। संगीत की धुनों पर थिरकते कदमों और रंग-बिरंगे परिधानों ने आयोजन को बेहद आकर्षक बना दिया।
इस कार्यक्रम की खास बात रहा आनंदो मेला उत्सव, जिसमें सोसाइटी के कई निवासियों ने अपने घरों में तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ भागीदारी निभाई। घर के बने पकवानों के जरिए लोगों को अपनी पाककला दिखाने का अवसर मिला। इस पहल ने मेले को केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं, बल्कि आपसी मेल-मिलाप, सहयोग और सामुदायिक एकता का मंच भी बना दिया।
वहीं, डांडिया नाइट में महिलाओं के विभिन्न समूहों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिभागियों के बीच उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। उनकी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के लिए दीपांजना, विश्व भारती स्कूल, नोएडा की डांस टीचर निर्णायक के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनका उत्साह और बढ़ेगा।
पूरे आयोजन में भक्ति के साथ मनोरंजन और भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। सोसाइटी के निवासियों ने एक साथ मिलकर नवरात्रि का स्वागत किया और इस पर्व को यादगार बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।
बेगो मैत्री कल्चरल सोसाइटी ट्रस्ट की यह पहल इस बात का उदाहरण बनी कि त्योहार केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे लोगों को जोड़ने, प्रतिभाओं को मंच देने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। आरजी रेजीडेंसी में आयोजित आनंदो मेला उत्सव और डांडिया नाइट ने नवरात्रि के उल्लास को नई ऊर्जा दी और परिसर में उत्सव का माहौल बना दिया।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad











Leave a Reply