
दीपावली से पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है, जिसके चलते वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने GRAP-3 की पाबंदियां लागू कर दी हैं। इसके तहत पूरे एनसीआर में धूल फैलाने वाले निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर की सरकारों को दफ्तरों में 50 प्रतिशत वर्क फ्रॉम होम लागू करने पर फैसला लेने के निर्देश दिए गए हैं।
वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निम्नलिखित मुख्य पाबंदियां और नियम लागू किए गए हैं-
निर्माण और तोड़फोड़ पर रोक: पूरे एनसीआर में धूल और प्रदूषण फैलाने वाले गैर-जरूरी कंस्ट्रक्शन और डिमोलिशन (तोड़फोड़) के कामों पर पूरी तरह पाबंदी होती है। इसमें खुदाई, बोरिंग, पाइलिंग, चिनाई और रोड निर्माण के बड़े कार्य शामिल हैं (रेलवे, मेट्रो, अस्पताल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जरूरी प्रोजेक्ट्स को इससे छूट मिलती है)
वाहनों पर प्रतिबंध: दिल्ली और गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) तथा सोनीपत जैसे चुनिंदा एनसीआर जिलों में BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल की चार पहिया गाड़ियों के चलने पर रोक रहती है।
मालवाहक और कमर्शियल वाहन: दिल्ली में रजिस्टर्ड BS-4 या उससे नीचे के डीजल मीडियम गुड्स व्हीकल और बाहर से आने वाले डीजल लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) व इंटर-स्टेट डीजल बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध होता है।
डीजल जनरेटर पर पाबंदी: आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर, डीजल जनरेटर (DG sets) के इस्तेमाल पर रोक रहती है।सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ या हाइब्रिड मॉडल लागू करने की सलाह दी जाती है। दिल्ली और एनसीआर के कई जिलों में पाँचवीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूलों को हाइब्रिड या ऑनलाइन मोड में चलाने के निर्देश दिए जाते हैं। निर्माण सामग्री के परिवहन पर रोक लगा दी गई है इसमें रेत, सीमेंट और धूल उड़ाने वाली अन्य सामग्री के परिवहन (खासकर कच्ची सड़कों पर) पर पाबंदी होती है।

बहुत खराब श्रेणी में पहुंचा AQI – दिल्ली का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 382 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी की सीमा (401) के बेहद करीब है। गुरुवार को यह 369 दर्ज किया गया था। राजधानी के 38 निगरानी केंद्रों में से 26 पर हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 31 केंद्रों पर स्थिति ‘बहुत खराब’ रही। दिल्ली के पंजाबी बाग में AQI सबसे ज्यादा 453, जहांगीरपुरी में 447 और रोहिणी में 444 दर्ज किया गया। केवल लोधी रोड इलाके में हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad














Leave a Reply